भारतीय नौसेना ने फिर दिखाया मानवता का जज्बा – लक्षद्वीप से बीमार बुजुर्ग को बचाया

19 जून को एक आपात स्थिति में भारतीय नौसेना ने अद्भुत तत्परता और सेवा भावना का परिचय दिया। लक्षद्वीप प्रशासन ने शाम 5 बजे भारतीय नौसेना से मदद मांगी, क्योंकि अगत्ती द्वीप पर एक 67 वर्षीय बुजुर्ग की हालत बेहद नाजुक थी और तुरंत इलाज की जरूरत थी।

समय की नज़ाकत को समझते हुए कोच्चि के INS गरुड़ा से नौसेना का डॉर्नियर विमान बिना देरी के रवाना किया गया। खराब मौसम के बावजूद यह विमान करीब 250 समुद्री मील की दूरी तय करके अगत्ती द्वीप पहुंचा और मरीज को वहां से एयरलिफ्ट कर रात 9:45 बजे कोच्चि लाया गया।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय नौसेना सिर्फ समुद्री सीमाओं की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि जरूरत पड़ने पर इंसानी जिंदगी बचाने में भी सबसे आगे रहती है। यह मिशन भारतीय नौसेना की ‘कभी भी, कहीं भी’ सेवा देने की भावना को दर्शाता है।

सैल्यूट है उन वीरों को, जो संकट की घड़ी में हमेशा तैयार रहते हैं।

Leave a Comment